पेस्टीसाइड का कारोबार करने वाला व्यापारी दुकान के सामने खड़े होकर बातें करते रहे और चोर गल्ले में रखी नगदी और जेवर उड़ा ले गए। कारोबारी के तहरीर देने पर पुलिस मुकदमा लिखने के बजाय घटना छिपाने में लगी है। कस्बे में रहने वाले महेश अग्रवाल की मेन बाजार में पेस्टीसाइड की दुकान है। बृहस्पतिवार को वह घर से चार तोले सोने के जेवर लेकर दुकान गए थे। उन्होेंने एक सर्राफ के यहां जेवर साफ कराने के बाद अपनी दुकान के गल्ले में रख दिए थे। देर शाम वह दुकान के सामने खड़े ओकर अपने एक परिचित से बातें करने लगे। इसी दौरान चोरों ने दुकान के गल्ले से 80 हजार रुपये नकद और चार तोला सोने के जेवर उड़ा दिए। रात में दुकान बंद करते समय दुकानदार ने गल्ले से नगदी और जेवर गायब देखे तो सन्न रह गए। इसका पता लगने पर आसपास के दुकानदार जमा हो गए। दुकानदार महेश ने पुलिस चौकी जाकर घटना की तहरीर दी। मगर पुलिस घटना दर्ज करने के बजाय झुठलाने में लगी रही। चौकी प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि दुकान के गल्ले से सिर्फ 40 हजार रुपये चोरी होने की तहरीर दी गई है।