राजकीय महाविद्यालय के गांव महावा और गोवल में चल रहे एनएसएस शिविरों में तीसरे दिन शिविरार्थियों ने कई रचनात्मक कार्य किए।
गांव महावा की शिविरार्थियों ने मंगलवार को गांव में सफाई के संबंध में जागरूकता रैली निकाली। रैली को प्राचार्य डॉ. आरसी वाजपेयी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज ने किया। छात्राएं स्वच्छता अभियान समर्थित नारे लिखी पट्टिकाएं भी थामें थीं। छात्राओं ने गांवों के मकानों की दीवारों पर स्वच्छता से संबंधित स्लोगन भी लिखे। इससे पहले शिविर स्थल पर नेहरू युवा केंद्र की प्रशिक्षिका पुष्पा शर्मा ने छात्राओं को कपड़े की कटाई करने के बारे में प्रशिक्षण दिया। इधर गांव गोवल में एनएसएस छात्रों ने गांव की नालियों की सफाई की और ग्रामीणों को सफाई का महत्व बताया। छात्रों ने यह कार्य शिविर प्रभारी डॉ. विकास प्रधान के निर्देशन में किया।