प्राथमिक विद्यालयों से सहायक अध्यापक पद से हटाए गए शिक्षामित्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बहाली की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के सातवें दिन भाजपा जिलाध्यक्ष के आवास पर पहुंचकर उन्हें प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। वहीं विरोध स्वरूप धरनास्थल पर काली पट्टी बांध व अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। भूखहड़ताल भी जारी रही। आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, प्राथमिक शिक्षामित्र संघ व संयुक्त सक्रिय समिति के बैनर तले शिक्षामित्रों का चल रहा आंदोलन मंगलवार को जारी रहा। जिले भर के शिक्षामित्र सुबह नारेबाजी करते हुए दूधिया मंदिर के समीप स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपकर सहायक अध्यापक पद पर बहाली की मांग की। जिलाध्यक्ष ने मांग पत्र भेजने व मामले की मजबूती से पैरवी करने का विश्वास दिलाया। इसके बाद शिक्षामित्र जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए बीएसए कार्यालय परिसर स्थित धरनास्थल पर पहुंचे और धरना दिया। दोपहर में शिक्षामित्रों ने अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। धरने को अनुपम शुक्ला, रामवीर माथुर, जगदीश गंगवार, कांता प्रसाद, मदनलाल, सुमनबाला, हरेश कुमार, राजेश मिश्रा, सर्वेश स्वर्णकार, दिनेश यादव, नीरज गंगवार, भावना, गंगोत्री आदि ने संबोधित किया। धरना देने वालों ने जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल वर्मा, हरिओम पांडेय, राम सिंह राठौर, अजयपाल शर्मा, सूर्यकांत मिश्रा, वेदपाल सिंह, नरेंद्रपाल सिंह, वीर सिंह गंगवार, प्राची अग्रिहोत्री, चेतना भारती, मीना, राजेश्वरी देवी, लक्ष्मी कटियार, मंजू मिश्रा, गुरजीत सिंह, फूलमती, आदर्श कुमारी, राखी राठौर समेत जिले भर के शिक्षामित्र मौजूद रहे।