पूरनपुर। गांव रंपुरा कोन में दबिश के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग और सिपाही शाहरुख को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी से बरामद रायफल और दोनाली बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी है। जेल भेजे गए चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी की जा रही है।
चार जनवरी को पीलीभीत सदर कोतवाली में तैनात दरोगा सुभाष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव रंपुरा में फार्महाउस में रह रहे अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची थी। दबिश के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पेट में दो गोलियां लगने से सिपाही शाहरुख घायल हो गया था। घटना के बाद रायफल लेकर भाग रहे अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया था।
मुठभेड़ में अभिषेक के पैर में भी गोली लगी थी। पुलिस ने अभिषेक सक्सेना, उसके पिता ऋषि आनंद, मां रंजना सक्सेना, रिश्ते के भाई वैभव सक्सेना, नरेंद्रजीत सिंह की पत्नी रेणुका के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अभिषेक की लाइसेंसी दोनाली बंदूक, उसके ताऊ अश्वनी आनंद की रायफल बरामद कर आरोपियों का चालान कर दिया। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि फॉरेंसिंक प्रयोगशाला से रिपोर्ट में बरामद असलहों से फायर होने की पुष्टि हुई। बरामद असलहों के लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी गई है। आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी तैयार कर ली गई है।