पीलीभीत। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार का तबादला होने के बाद बरेली के बीडीए उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह को पीलीभीत का नया डीएम बनाया गया था। अब आदेश में संशोधन कर उनके स्थान पर फर्रुखाबाद में तैनात डीएम संजय कुमार सिंह यहां डीएम पद पर तैनाती दी गई है।
बता दें कि आदेश होने के बाद मंगलवार शाम को जोगेंद्र सिंह के यहां आकर चार्ज लेने की पूरी तैयारी हो गई थी। सोशल मीडिया पर भी डीएम के तबादले की काफी धूम थी। इस बीच दोपहर में शासन ने तबादले में संशोधन कर दिया। जोगेंद्र सिंह को पीलीभीत की जगह रामपुर का डीएम बनाया गया जबकि फर्रुखाबाद में तैनात डीएम संजय कुमार सिंह को पीलीभीत का डीएम बनाने का आदेश जारी हुआ।
तबादला आदेश आने के बाद प्रवीण कुमार लक्षकार ने अपना चार्ज एडीएम वित्त एवं राजस्व राम सिंह गौतम को सौंप दिया। संभावना जताई जा रही है कि नवागत डीएम संजय कुमार बुधवार शाम को चार्ज संभालेंगे। प्रवीण कुमार लक्षकार को विशेष सचिव बनाया गया है। संवाद