नगर पालिका परिषद कार्यालय पर विरोध जताते कर्मचारी । स्रोत - कर्मी
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद में तैनात सफाई कर्मियों का जनवरी का वेतन अभी तक नहीं मिल सका है। इसको लेकर सफाई कर्मी कार्यालय पहुंच गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पालिका अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर सभी को आश्वासन दिया। इसके बाद लोग चले गए।
सफाई कर्मचारियों की वेतन को लेकर समस्या बनी रहती है। नगर पालिका के स्थाई सफाई कर्मचारियों का जनवरी का अभी तक वेतन नहीं मिल सका है। इसको लेकर पूर्व में कई बार मांग भी की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। मंगलवार को सफाई कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय में सुबह पहुंच गए।
कर्मचारियों ने वहां पर वेतन की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। काफी देर तक सफाई कर्मियों का हंगामा होता रहा। सूचना मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉक्टर आस्था अग्रवाल भी वहां पर पहुंच गई। पालिका अध्यक्ष को सफाई कर्मियों ने अपनी समस्याओं को बताया। पालिका अध्यक्ष ने वेतन जारी होने की बात कही। काफी देर बाद सफाई कर्मचारियों का आक्रोश शांत हुआ और वह वहां से चले गए। संवाद