होली पर मिलावट पर अंकुश लगाने को खाद्य विभाग ने बुधवार को शहर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सोन पापड़ी, रसगुल्ला सहित कई नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को टीम ने शहर में अभियान चलाकर जांच की। इसके तहत मिठाई और फलों की दुकान का निरीक्षण कर गुणवत्ता देखी गई। इस दौरान छतरी चौराहा स्थित नवरत्न स्वीट्स से सोन पापड़ी व लौज और मंसाराम स्वीट्स से रसगुल्ला व मावे का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि चेकिंग के दौरान सभी दुकानदारों को मिलावट न करने और सही सामग्री बेचने के निर्देश दिए। इस दौरान पुरानी और खराब दिख रही कुछ मिठाइयों व फलों को फिकवाकर नष्ट कराया गया। बाजार में भीड़ भाड़ के दौरान हुई इस चेकिंग से अफरा तफरी मची रही और दुकानों पर खरीदारी कर रहे लोग भी कार्रवाई को उत्सुकता से देखते रहे। खाद्य सुरक्षा टीम ने लोगों को भी खाद्य वस्तुओं में हो रही मिलावट से बचाव के तरीके बताए।