मरौरी ब्लाक में तैनात पंचायत सचिव मुन्नालाल ने शराब पीकर बीडीओ से अभद्रता की। हंगामा करने पर बीडीओ की शिकायत पर उसका मेडिकल कराया गया। इसमें अल्कोहल की पुष्टि होने पर डीपीआरओ ने उसे सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि मरौरी ब्लाक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव मुन्ना लाल अक्सर शराब पीकर कार्यालय पहुंचते हैं। इसी क्रम में जब दो दिन पूर्व ब्लाक कार्यालय में बीडीओ ने ग्राम पंचायत के कार्यों की जानकारी ली तो नशे में धुत्त ग्राम पंचायत अधिकारी मुन्ना लाल ने बीडीओ से अभद्रता की। वह काफी देर तक हंगामा करते रहे। बाद में बीडीओ ने कर्मियों की मदद से उन्हें पकड़वा लिया और जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट में अल्कोहल पाया गया। बीडीओ ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई की संस्तुति सहित डीपीआरओ कार्यालय भेजा। इस पर डीपीआरओ देवेंद्र कुमार ने बीडीओ की रिपोर्ट के आधार पर ग्राम पंचायत सचिव मुन्नालाल को निलंबित कर दिया। निलंबन आदेश पर ग्रामपंचातय के कार्यों में दिलचस्पी न लेने, अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने और शराब पीकर कार्यालय में बीडीओ से अभद्रता करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच खंड विकास अधिकारी बीसलपुर को सौंपकर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की गई है।