जिला सहकारी बैंक की समितियों में नाबार्ड के सहयोग से कम्प्यूटर कॉमन अकाउंट सिस्टम लागू किया गया है, साथ ही किसानों को रूपे कार्ड का लाभ दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को नाबार्ड के सीजीएम ने बैंक परिसर में हुए समारोह में इसका शुभारंभ किया। उन्होंने सहकारी बैंक के खाता किसानों को रूपे किसान कार्ड और कम्प्यूटर कॉमन अकाउंट सिस्टम को लागू कर चुकी 20 समितियों को लैपटॉप और इससे संबंधित अन्य सामग्री की किट प्रदान की। इस दौरान उन्होंने जिला सहकारी बैंक परिसर में ही लगाए गए एटीएम का भी शुभारंभ किया। नाबार्ड सीजीएम ने कहा कि नए परिवेश में सहकारी बैंकों को अपनी कार्य प्रणाली एवं व्यवसाय के तरीकों को बदलकर व्यवसायिक होना पड़ेगा। उन्होंने बैंक एवं समितियों में ग्राहकों को सुविधाएं, जमा पूंजी और आमदनी बढ़ाने वाले कार्य प्रारंभ करने की अपील करते हुए कहा कि इसके लिए नाबार्ड हर तरह की मदद को तैयार है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक अधिकारी कर्मचारियों व सचिवों को प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नाबार्ड के जीएम प्रभाकर बेहरा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, डीडीएम नाबार्ड एके रावत, उपनिदेशक कृषि एके सिंह, एआर कोऑपरेटिव आरबी गुप्ता, बैंक के मुख्य कार्यपालक अनुराग अवस्थी, राकेश गुप्ता, रणजोत सिंह, रुद्रभान सिंह, संजय गुप्ता, सौरभ गंगवार, प्रशांत रवि सहित कई लोग मौजूद रहे।