पूरनपुर में शेरपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटवाती आरपीएफ की टीम।स्रोत:आर
पूरनपुर। रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर लगाई गईं दुकानें, खोमचे अभियान चलाकर बुधवार को हटवा दिए गए। कब्जेदारों को दोबारा अतिक्रमण कर दुकानें-खोमचे न लगाने की चेतावनी दी गई है।
नगर की शेरपुर और माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग के समीप रेलवे की जमीन पर कई खोखे रखकर, झोंपड़ी डालकर और फड़, ठेले लगाकर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। कई बार आरपीएफ ने अभियान चलाकर इससे पहले भी कब्जा हटवाया और अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी गई।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद फिर लोगों ने खोखे रखकर, ठेले और फड़ लगाकर कब्जा कर दुकानें लगानी शुरू कर दी थीं। बुधवार को आरपीएफ ने अभियान चलाकर कब्जे हटवा दिए। आरपीएफ इंस्पेक्टर शहनवाज हुसैन ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण कर दुकानें, ठेले न लगाने की चेतावनी दी गई है। अब दोबारा अतिक्रमण कर दुकानें लगाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में पीलीभीत के अलावा इज्जतनगर की आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस मौजूद रही।
कई बार जुर्माना वसूली के बाद नहीं मान रहे अतिक्रमणकारी
पूरनपुर। शेरपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप शाम को कई चाट, पकौड़ी, अंडा आदि के ठेले लगाए जाते है। क्रॉसिंग के समीप ही कई सब्जी व्यापारी फड़ लगाकर दुकानें लगाते हैं। शाम होते ही रेलवे क्रॉसिंग के समीप बाजार लगता है। आरपीएफ ने कई बार अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों को पकड़कर जुर्माना वसूला। इसके बाद भी अतिक्रमणकारी बार-बार ठेले, दुकानें लगा रहे थे। संवाद