पीलीभीत। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक डीएम संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में हुई। डीएम ने जनपद में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि स्कूली वाहन चालकों को कार्यशाला में सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जाए।
बैठक में एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने सड़क दुर्घटना का प्रमुख कारण वाहनों की तेज रफ्तार को बताया। डीएम ने शासन को पत्र लिखकर जनपद को इंटरसेप्टर मशीन उपलब्ध कराए जाने के लिए कहा। स्कूल वाहनों के चालकों को सड़क सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षित करने के लिए कार्यशाला का आयोजन करने के निर्देश भी दिए।
साथ ही विद्यालयों में असेंबली के समय छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देने का निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिया। मार्गों पर लगे संकेतक व चेतावनी बोर्ड पर निकटतम प्राथमिक चिकित्सा केंद्र व जिला अस्पताल की दूरी और एंबुलेंस चालक का मोबाइल नंबर लिखने के भी निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने नकटादाना चौराहे से खकरा पुल तक जाने वाले मार्ग पर गड्ढों की समस्या को रखा। इस पर डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अभियंता को मार्ग गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम ऋतु पूनिया, सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, एआरटीओ वीरेंद्र सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि संतोष कुमार, पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता एसके जैन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।