पीलीभीत। कुछ लोगों ने दशकों पुराने तालाब को पाटकर रास्ता बना दिया। बाशिंदों ने इसमें लेखपाल और विनियमित क्षेत्र के जेई पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर डीएम को पत्र दिया है। इसमें भूमाफिया से जानमाल का खतरा भी बताया है। डीएम ने एसडीएम सदर को नायब तहसीलदार और लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
सिविल लाइन्स के रहने वाले कुछ लोगों ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि ठेका चौकी से नेहरू पार्क मार्ग पर संजय नगर कॉलोनी के बराबर दशकों पुराना एक बड़ा तालाब राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। इस पर भूमाफिया द्वारा मिट्टी डालकर पटाव किया जा रहा है एवं बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉट बनाए जा रहे हैं। तालाब काफी बड़े क्षेत्रफल में दर्ज हैं, जिसे राजस्व विभाग द्वारा मछली पालन के लिए पट्टे पर दिया गया है। वर्तमान पट्टा धारक भूमाफिया के साथ सरकारी तालाब के बीच में मिट्टी डलवाकर मूल स्वरूप बिगाड़ते हुए अवैध कॉलोनी के प्लॉटों के लिए कच्चा रास्ता निकलवा रहा है।
पत्र में कहा गया है उक्त मामले की लिखित सूचना लेखपाल और अधिकारियों को दी गई है। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में तैनात जेई को भी मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। रातों-रात नया रास्ता निकलवा दिया गया। आरोप है कि इस तरीके से पटान होने से पानी निकासी एवं जल संकट के साथ पर्यावरण को हानि होना निश्चित है। बाशिंदों ने इसका शासकीय संपत्ति संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को संज्ञान में रखते हुए तालाब की नपत करते हुए उसे मूल रूप में लाया जाने की मांग की है। साथ ही वर्तमान पट्टा धारक का पट्टा निरस्त करने एवं लेखपाल तथा जेई पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। डीएम ने युक्त मामले को लेकर एसडीएम सदर को नायब तहसीलदार और लेखपाल की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए हैं।