नहरोसा गांव में चल रहा सड़क निर्माण कार्य । संवाद
पीलीभीत। पूरनपुर ब्लाॅक के नहरोसा गांव में एक सड़क को पंचायतीराज विभाग ने बनाकर राशि निकालने के साथ ईंटें भी निकाल लीं, अब इसी सड़क का पीडब्ल्यूडी निर्माण करा रहा है। शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
ट्रांस शारदा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नहरोसा में गड़बड़ी थमने का नाम नहीं ले रही है । पूर्व में खंड विकास अधिकारी पूरनपुर ने 99 लाख रुपये की हेराफेरी करने में ग्राम विकास अधिकारी विवेक वर्मा के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अब मुख्य मार्ग के तिराहे से विद्यालय की ओर जाने वाले सड़क को बनाकर लाखों रुपये निकालने और बाद में ईंटें उखड़वा कर ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। ऐसे में निर्माण कराने वाला पंचायती राज विभाग कटघरे में आ गया है।
बता दें कि मामला तब खुला जब लोक निर्माण विभाग के जेई अनूप कुमार और ठेकेदार ने पहुंचकर सड़क लोनिवि की होना बताकर निर्माण का विरोध किया। इसके बाद प्रधान ने मौके की नजाकत को देखते हुए सीमेंटेड ईंट उखाड़वा ली। फिलहाल लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार ने इस मार्ग को बनाने का कार्य शुरू किया है।
इधर, कई ग्रामीणों ने एक ही सड़क का दो बार निर्माण कर सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत की है। शुक्रवार को पूरनपुर के एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने गांव जाकर मामले की जांच भी की। बताया कि रिपोर्ट तैयार कर अफसरों को भेजी जाएगी।