जिला अस्पताल में बना स्वाइन फ्लू वार्ड। संवाद
पीलीभीत। जिले में वायरल फीवर के मामले सामने आने के बीच मच्छरजनित रोगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीसलपुर क्षेत्र के रसियाखानपुर गांव में तेज बुखार का प्रकोप बढ़ने की सूचना है। वहीं मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में डेंगू और मलेरिया के मरीजों के लिए अब तक अलग सुरक्षित वार्ड तैयार नहीं किया गया है। ऐसे में बीमारी फैलने की स्थिति में मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अक्तूबर में मौसम में बदलाव के साथ डेंगू, मलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांवों में पहले से प्रभावी निगरानी और रोकथाम के इंतजाम किए जाने चाहिए थे। बीते दिनों रसियाखानपुर में एक बार फिर वायरल फीवर का असर सामने आया। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में करीब आठ से दस लोग तेज बुखार से पीड़ित हैं। पिछले वर्ष भी इसी गांव में बुखार की चपेट में आने से कुछ लोगों की मौत होने की बात सामने आई थी।
ग्रामीण क्षेत्र में बुखार के मामले बढ़ने के बावजूद निगरानी और बचाव गतिविधियों को लेकर अपेक्षित सक्रियता नजर नहीं आ रही है। संवाद