आरएफसी ने किया गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण
क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक शिवेंद्र कुमार सिंह ने जिले का दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्थाएं देखीं। खरीद कम होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त कर खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। मंडी में निरीक्षण केे दौरान कमियां मिलने पर पीसीएफ केंद्र प्रभारी को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार ने इस बार अधिक से अधिक सरकारी खरीद करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते जिले का लक्ष्य भी 3.72 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है लेकिन 10 दिन से चल रही खरीद में अब तक चार हजार मीट्रिक टन गेहूं भी नहीं खरीदा गया है। इस पर आरएफसी शिवेंद्र कुमार सिंह आरएमओ राममूर्ति पांडेय के साथ सुबह पीलीभीत पहुंचे। यहां उन्होंने मंडी समिति में विभिन्न क्रय एजेंसियों द्वारा लगाए गए सभी 17 क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं बैंक में धनराशि न होने तो कहीं खाता न खुलने के कारण आरटीएस नहीं होता मिला। कुछ सेंटरों पर नाममात्र की खरीद ही मिली। जिले में लक्ष्य के अनुरूप खरीद की स्थिति भी काफी खराब पाई गई। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडी की टिनशेड नंबर 11 में लगे पीसीएफ के क्रय केंद्र पर आठ अप्रैल के बाद उनके निरीक्षण तक बिल्कुल भी खरीद नहीं मिली साथ ही खरीद की ऑनलाइन फीडिंग, बैंक से चेकबुक न मिलने सहित कई व्यवस्थाएं मिली। इस पर आरएफसी ने केंद्र प्रभारी सत्यनारायन शर्मा की फटकार लगाई साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश भी दिए। वहीं एनसीसीएफ के केंद्र पर भी कमियां मिलने पर प्रबंधक रामानंद को कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी डिप्टी आरएमओ कांती राठौर, बीसी शुक्ला सहित कई अधिकारी कर्मचारी थे।