पीलीभीत। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को शहर के यशवंतरी देवी मंदिर में मां चंद्रघंटा देवी की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के चलते शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में भी भक्तों की चहल-पहल बढ़ गई है। मंगलवार को भी देवी मां की पूजा के लिए कपाट सुबह छह बजे खुल गए। हाथों में फूल, धूप-घी और प्रसाद लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आराधना की। कई भक्तों ने व्रत रखकर मां की पूजा की। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा।संवाद