शहर की स्टेशन रोड पर लगी एक फूलो की दुकान । संवाद
पीलीभीत। वेलेंटाइन डे पर शहर के पार्कों में भीड़ कम दिखी। रेस्टोरेंट गुलजार रहे। गुलाब के फूल और गिफ्ट की दुकानों पर भी भीड़ नजर आई। लोगाें ने अपने साथी से भावनाओं का इजहार किया। सोशल मीडिया पर भी वेलेंटाइन डे के बधाई संदेशों की धूम रही। उधर, पार्कों में पुलिस टीम भी भ्रमण करती नजर आई।
वेलेंटाइन डे को इजहार और इकरार का दिन माना जाता है। लोग अपने जीवन साथी, माता-पिता और प्रेेमी-युगल एक-दूसरे से अपनी भावनाओं का इजहार करते हैं। गुलाब के फूल, बुके, उपहार देकर भावनाएं प्रदर्शित करते हैं। बुधवार को शहर में फूलों की दुकानों पर गुलाब के फूल की जमकर खरीदारी की गई। सुनगढ़ी थाने से थोड़ा आगे दुकान लगाने वाले दुकानदार ने बताया कि सुबह से दोपहर तक गुलाब के 100 फूल बिके।
एक गुलाब की कीमत 30 रुपये बताई। 20 फूलों वाले बुके की बिक्री 550 रुपये में की गई। इसी तरह अन्य दुकानाें से भी गुलाब की खरीद की गई। बीते कुछ वर्षों की अपेक्षा बुधवार को शहर के पार्कों में लोग कम दिखे। एकता सरोवर पार्क में कई पुलिसकर्मी अलग-अलग बैठे नजर आए। कुछ जोड़े भी बैठे थे। नेहरू पार्क व अन्य स्थानों पर भी लोगों की भीड़ कम रही। शहर के रेस्टोरेंट गुलजार रहे। उधर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाहर से आए सैलानियों के अलावा लोकल के लोग भी घूमने पहुंचे।