पीलीभीत। ताजियों को लेकर चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस और सपा पदाधिकारियों ने शनिवार को सदर कोतवाली पहुंचकर डीएम और एसपी से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने ताजिएदारों को कुछ छूट देने का अनुरोध किया। हालांकि अफसरों ने शासन की गाइडलाइन के मुताबिक ही ताजियों को रखने और निकालने की बात कही। इस दौरान कोतवाली गेट पर एकत्र हुई भीड़ को पुलिस ने वहां से हटा दिया। इसके बाद कई स्थानों पर पुलिस को तैनात कर दिया गया।
ताजियों को लेकर ताजिएदार पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले काफी समय से सड़क पर ताजिए रखे जा रहे हैं। ताजियों की लंबाई 15 से 20 फिट तक है, लेकिन पुलिस इन सभी चीजों पर बंदिश लगा रही है। शनिवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष अभिनव गुप्ता, मेहरबान अंसारी, युसूफ मलिक, सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, जिला महासचिव नफीस अंसारी, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल सदर कोतवाली में डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अविनाश पांडेय से मिला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन और उच्चधिकारियों के जो निर्देश है उसका पूरा पालन कराया जाएगा। बैठक के दौरान कोतवाली गेट और कोतवाली क्षेत्र की हैदरी मस्जिद के बाहर कुछ लोग एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। जिस पर कोतवाली पुलिस ने सख्ती करते हुए हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। इतना ही नहीं शहर के बेलों वाले चौराहा समेत कई स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
वर्जन
जो भी शासन की गाइड लाइन है, उससे सभी को पूर्व में ही अवगत करा दिया गया है। कई बार बैठकों का आयोजन भी किया जा चुका है। नई परंपरा नहीं पड़ने दी जाएगी। - संजय कुमार सिंह, डीएम