पीलीभीत। शहर के एक वार्ड सभासद की पत्नी ने चुनावी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की है।
शहर के एक वार्ड सभासद की पत्नी ने बताया कि उसके पति के खिलाफ आरोपी ने चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गया। तब से चुनावी रंजिश मानने लगा। 28 दिसंबर, 2022 को दोपहर एक बजे आरोपी कई लोगों के साथ घर आया। ये लोग आवास दिलाने की बात कहने लगे, जबकि उन्हें पहले ही आवास मिल चुका है। इस पर अपनी पुत्री के नाम आवास स्वीकृत कराने का दबाव डालने लगे। जब मना किया तो हमलावर हो गए और गालीगलौज करने लगे। उनके पति की पिटाई की। पुत्री ने बचाना चाहा तो उसके साथ छेड़छाखानी की।
रिपोर्ट में कहा गया है कि घर के अंदर रखे सूटकेस को बाहर लाकर फेंक दिया। इसमें रखे 20.5 हजार रुपये लूट लिए। शोर सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी मौके पर आ गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मामले की तहरीर कोतवाली में दी गई। पुलिस ने शांतिभंग की धारा 151 में आरोपियों का चालान किया। इसके बाद सभासद की पत्नी ने कोर्ट की शरण ली। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।