बीसलपुर। कोतवाली पुलिस ने नगर के एक बरातघर में हुए हंगामे की रिपोर्ट शनिवार को नौवें दिन दर्ज कर ली।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनके करीबी रिश्तेदार की पुत्री का वैवाहिक समारोह 26 अप्रैल को नगर के एक बारातघर में था। आधी रात के समय वर पक्ष के कुछ लोगों ने शराब के नशे में धुत होकर जमकर उत्पात मचाया। विरोध करने पर उन लोगों ने कन्या पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज की, मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना से बरात में अफरातफरी मच गई। काफी लोग बिना भोजन किए चले गए थे। वैवाहिक कार्यक्रम भी दो घंटे तक रुका रहा। अब तक दोनों पक्षों में समझौते की बात होती रही, लेकिन सारे प्रयास विफल रहे। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव को कुमिरखा निवासी लकी, दियोरिया कोतवाली के गांव निवासी रविंदर, अनिल कुमार को नामजद किया गया है। रिपोर्ट में उनके तीन-चार साथियों को अज्ञात बताया गया है।