पीलीभीत। शहर के 14 व्यापारियों से ठगी के मामले में पीड़ित कई दिनों से भटक रहे थे। व्यापारियों ने एसपी से भी न्याय की गुहार लगाई। तब भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, तो बुधवार को तमाम व्यापारी सुनगढ़ी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। हंगामा के बाद पुलिस एक्शन में आ गई और बृहस्पतिवार को सुबह रिपोर्ट दर्ज कर ठगी के आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विजय रेडियो हाउस के मालिक संदीप अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा कि गोदावरी कॉपलेक्स स्थित स्मार्ट दुकान विक्रांत इंटरप्राइजेज के मालिक विक्रांत श्रीवास्तव ने उनके यहां से 34 लाख, 53 हजार, 121 रुपये का सामान बिक्री के लिए लिया था। कहा कि भुगतान पहले की तरह ट्रांसफर कर देंगे। एक सप्ताह का समय मांग। इसके बाद भी भुगतान नहीं किया। जब कर्मचारी को भुगतान लेने भेजा, तो उसने कहा कि पूरा भुगतान कर दिया है।
इसके बाद जब फोन पर संपर्क किया, तो वह टाल-मटोल करने लगा। बाद में धमकी देने लगा कि कोई भुगतान नहीं करेंगे। उनके अलावा बल्लभनगर निवासी राहुल वर्मा के 22 लाख, 52 हजार, 500, व्यापारी नूरुल कमल के पांच लाख, 35 हजार, 900, वैभव अग्रवाल से एक लाख, 93 हजार, अनमोल मित्तल के चार लाख, 32 हजार, 300, अखिलेश गंगवार दो लाख, 23 हजार, 900, आलोक गुप्ता के चार लाख, 98 हजार, 800, पार्थ अग्रवाल से 26 लाख, 79 हजार, 773 रुपये की ठगी की है।
आरोपी दुकान बंदकर कहीं चला गया। अब आरोपी रुपये वापस करने के बजाय जान से मारने की धमकी दे रहा है। कुछ दुकानदारों को उसने चेक भी दिए, जो बैंक से बाउंस हो गए। इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।