बीसलपुर। एसडीएम सचिन राजपूत के निर्देश पर दियोरिया पुलिस ने राजस्व टीम को बंधक बनाने के मामले में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली।राजस्व टीम को बृहस्पतिवार को गांव न्यूरानपुर में खेत की पैमाइश करने पहुंचने पर बंधक बना लिया गया था।
तहसील कार्यालय के राजस्व निरीक्षक महेंद्रपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को राजस्व टीम दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव न्यूरानपुर में एक खेत की पैमाइश करने गई थी। खेत में पानी भरा होने के कारण टीम ने पैमाइश करने में असमर्थता जता दी। इस पर गालीगलौज कर टीम को बंधक बना लिया। दियोरिया पुलिस ने टीम को बंधन मुक्त कराया।
राजस्व निरीक्षक ने दियोरिया कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी। एसडीएम को भी मामले से अवगत कराया। कोतवाल जवाहरलाल वर्मा ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर टीम को बंधक बनाने, गालीगलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के ही गांव पकड़िया बिंदुआ निवासी राजेश कुमार और धीरेंद्र कुमार को नामजद किया गया है।