पीलीभीत। पुलिस लाइन के प्रधान लिपिक कार्यालय में तैनात बाबू (एसआई) के खिलाफ निलंबित बाबू प्रदीप सिंह की पिटाई करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सिटी की जांच के बाद एसपी के आदेश पर कार्रवाई की गई है।
मूलरूप से जिला मुजफ्फरनगर के थाना फुगाना निवासी प्रदीप सिंह प्रधान लिपिक कार्यालय में तैनात थे। वह इस पटल पर कार्य कर रहे थे। कुछ समय बाद निलंबित हो गए थे। उनके स्थान पर एसआई लिपिक सोनपाल सिंह इस पटल पर कार्य कर रहे हैं। वह 25 मार्च 2023 को सुबह 11:30 बजे एसपी अतुल कुमार के निर्देशन में प्रधान लिपिक कार्यालय पहुंचे और तैनात कर्मचारी सोनपाल सिंह से अलमारी की चाबी मांगी।
इस पर सोनपाल ने गालीगलौज करते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। कपड़े भी फाड़ दिए। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बमुश्किल उन्हें बचाया। इसके बाद मामले की जानकारी एसपी अतुल कुमार को दी गई। एसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी अंशु जैन को दी। इसमें आरोप सही पाए गए। एसपी के आदेश पर सदर कोतवाली में आरोपी एसआई सोनपाल सिंह के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना सीओ सिटी करेंगे।