- निर्माण कार्य के दौरान बिजली पोल से बनी रहती थी हादसे की आशंका
- उम्मीद है कि पोल हटने से अब तेजी से हो सकेगा फ्लाईओवर का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। असम चौराहे पर फ्लाईओवर के काम में अवरोध बने बिजली के 90 पोल को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान बिजली के पोल से हादसे की आशंका बनी रहती थी। पोल हटने से अब काम तेजी के साथ हो सकेगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।
असम चौराहे पर करीब 650 मीटर लंबा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य होना है। कार्य शुरू होने से पूर्व सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। कार्य शुरू किया गया तो बीच में बिजली के पोल बाधा बन गए। इसके चलते कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा था। बिजली के पोल हटाने को लेकर पूरी प्रक्रिया के बाद उनको शिफ्ट करने का काम शुरू किया गया। पोल हटने के बाद वहां पर पिलर बनाने का काम शुरू किया जाएगा। कार्यदायी संस्था के डीपीएम सुमन कुमार ने बताया कि बिजली के पोलों को हटाने के बाद पिलर का काम तेज गति से शुरू कर दिया जाएगा।
निर्माण की जद में आ रहे मंदिर के लिए प्रशासन से मांगी जमीन
फ्लाईओवर की जद में आई पुलिस चौकी के लिए जमीन का चयन तो कर लिया गया है, लेकिन अभी धार्मिक स्थल का मामला अधर में लटका हुआ है। इसको लेकर वहां के पुजारी ने प्रशासन से पास में ही जमीन उपलब्ध कराए जाने की मांग की है, जिसको लेकर अधिकारी विचार कर रहे हैं।
धार्मिक स्थल को लेकर अभी कोई विचार नहीं हो सका है। इसके लिए बातचीत चल रही है। जल्द ही कोई रास्ता निकाल लेंगे। - डॉ. राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट