शेरपुर की मस्जिद में कुल शरीफ के मौके पर उमड़े अकीदतमंद। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। ख्वाजा गरीब नवाज हजरत मोईनउद्दीन चिश्ती का 811 वां सालाना उर्स मुबारक का कुल रविवार को अजमेर शरीफ में मनाया गया। इस कड़ी में शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक ख्वाजा के चाहने वालों ने नियाज नजर की। मस्जिदों में कुरान ख्वानी, नातो मनकबत और तकरीर के बाद कुल की रस्म अदा की गई। इस दौरान कई जगह लंगर भी हुए।
सालाना उर्स के मौके पर शहर में स्थित दरगाहों और मस्जिदों में फातेहा दिलाई गई। शहर के मोहल्ला भूरे खां, बेलो वाले चौराहों पर भी फातिहा दुरूद के साथ कुल की रस्म अदा की गई। मस्जिद मोटा पाकड़ के इमाम मौलाना हाफिज इस्माइल ने ख्वाजा साहब की जिंदगी पर रोशनी डालते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी गरीबों की खिदमत में लगाई। इस मौके पर मौलाना रिजवान, मौलाना शमशाद अहमद, मुदस्सिर खान आदि मौजूद रहे। इसके अलावा शेरपुर कलां गांव में मस्जिद कुरैशयान में मौलाना साजिद रजा खां, जामा मस्जिद में मुफ्ती सय्यद अब्दुल वाहिद, सुनहरी मस्जिद में हाफिज अरशद रजा, हुसैनी मस्जिद में हाफिज अनीस खा ने नातों मनकबत और तकरीर के बाद कुल शरीफ की रस्म अदा की।
माधोटांडा में नूरी मस्जिद में हाफिज मोईद रजा, मदीना मस्जिद में मौलाना अब्दुल रशीद ने कुल शरीफ की रस्म अदा की।
अमरिया। कस्बे के अमरिया सिटी कॉलोनी में स्थित मदरसा इस्लामिया तालीमुल कुरान में कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। प्रबंधक मौलाना तारीख रजा मिस्बाही ने ख्वाजा साहब की जिंदगी पर तफ्सील से रोशनी डाली। सलातो सलाम के बाद फातेहा और दुआ हुई। जिसमें मुल्क कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई। लंगर तक्सीम किया गया।