पीलीभीत। ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों में खर्च की गई राशि के दुरुपयोग का जांच में खुलासा हुआ है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को गबन की गई धनराशि की प्रधान, सचिव और कंसलटिंग इंजीनियरिंग से वसूल के निर्देश दिए हैं।
मरौरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव सिसैइया में सचिव अनिल कुमार आठ जनवरी 2024 से 18 फरवरी 2024 तक चिकित्सा अवकाश पर थे। इन दिनों में ही सचिव ने ग्राम निधि के खाते से धनराशि निकाल ली। शिकायत पर डीएम ने जिला क्रीड़ा अधिकारी और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता को जांच अधिकारी नामित किया।
टीम ने तीस मई को जांच आख्या जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंप दी। जांच टीम ने प्रधान दिलीप कुमार, सचिव अनिल कुमार और कंसलटिंग इंजीनियर शैली गंगवार को दोषी पाया। तीनों पर 13656 रुपये की घपलेबाजी सिद्ध हुई।
जांच रिपोर्ट पर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने अब तीनों से बराबर- बराबर धनराशि की वसूली करने के आदेश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए हैं। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया वसूली को लेकर तीनों को नोटिस जारी किया जा रहा है।