बीसलपुर। सहकारिता विभाग का बकाया वसूली अभियान 30 जून को समाप्त हो चुका है। अभियान के दौरान कितने बकाएदारों से कुल कितनी रकम वसूली गई, इसकी विभागीय अधिकारियों को कई जानकारी नहीं है।
तहसील क्षेत्र में सहकारिता विभाग का बकाया वसूली अभियान एक जून से शुरू हुआ था। अभियान में 24 टीमें लगाई गई थीं। इनमें सहकारी समितियों के सचिव और आंकिकों के अलावा संग्रह अमीन भी शामिल थे। विभागीय अधिकारी लगातार अभियान की समीक्षा करते रहे। 30 जून को अभियान समाप्त होने के 3-4 दिन बाद ही सचिवों ने वसूली का ब्योरा उच्चाधिकारियों को उपलब्ध करा दिया।
इसके बावजूद विभागीय अधिकारी अब तक यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि अभियान के दौरान तहसील क्षेत्र में कुल कितने बकायादारों से कितनी रकम वसूली गई। इस बाबत सहकारिता विभाग के सहायक विकास अधिकारी लालसिंह और अपर जिला सहकारी अधिकारी आरपी पांडेय से जानकारी चाही गई तो दोनों ने टाल दिया।