कलीनगर। श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के क्रम में संघ परिवार और विश्व हिंदू परिषद की ओर से बृहस्पतिवार को माधोटांडा कस्बा समेत कई स्थानों पर कलश यात्राएं निकाली गईं। इनमें महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्राओं का स्वागत किया।
देवी स्थान से कलश यात्रा बैंडबाजे के साथ शुरू हुई। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भक्तों ने फल और मिठाई का वितरण किया। इसके बाद कस्बे के मंदिरों से होकर यात्रा को गोमती उद्गम स्थल ले जाया गया। कुछ देर रुकने के बाद पुनः देवी स्थान पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान लोगों को अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को यादगार बनाने के लिए घरों में दीप प्रज्वलित करने के प्रति जागरूक किया गया।
यात्रा के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए माधोटांडा पुलिस मुस्तैद रही। इस मौके पर भगवती सिंह, त्रिगुणात्मक त्रिवेदी, डॉ. विवेक सिंह, सुजन सिंह, शुभांकर सिंह, सुदिक्षण, निहाल सिंह, स्वाभिमान सिंह, श्रीराम कश्यप, जसवंत कश्यप आदि मौजूद रहे। सीमावर्ती गांव मठइयां लालपुर और ढकिया ताल्लुके महाराजपुर में विधायक बाबूराम के नेतृत्व में यात्रा निकाली गई। इस मौके पर ग्राम प्रधान शंकर राय, पूर्व प्रधान आशीष राय आदि मौजूद रहे।
मझोला। चौधरी उमराव सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से अक्षत कलश यात्रा निकाली गई। इसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों के अलावा नगर के समाजसेवियों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य भानुप्रताप सिंह ने ग्राम भंडारा में अक्षत कलश यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के दौरान घर-घर अयोध्या से आए अक्षत और राम मंदिर के फोटो वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त बहरुआ रानी कॉलोनी में सुनील कुमार, ग्राम भगतनिया में मधुसूदन, ग्राम आराजी बौरख में मनोज शर्मा, जोशी कॉलोनी में हरिओम गंगवार, ग्राम देवरनिया में राकेश पांडेय, ग्राम टोंडरपुर में गजराज और भूड़ा कैमोर में कमलेश गंगवार के सहयोग से यात्रा निकाली गई।
00
घर-घर बांटे पूजित अक्षत
बरखेड़ा। अयोध्या से आए पूजित अक्षत एवं मंदिर के फोटो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की और से नगर पंचायत बरखेड़ा के वार्ड नंबर एक तथा वार्ड नंबर तीन में घर-घर बांटे गए। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने प्रत्येक घर में 22 जनवरी को दीप जलाने के लिए कहा। इस दौरान जिला प्रचारक गोविंद बिहारी, नगर संघ चालक दिनेश गंगवार, नगर कार्यवाह मोहन स्वरूप, सह नगर संचालक दीपक पांडे, सालिक राम, नगर प्रचारक अंकित आदि मौजूद रहे। संवाद
00
पूरनपर में भी पूजित अक्षत, राममंदिर के चित्र बांटे
पूरनपुर। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि, भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य आशुतोष दीक्षित ने ग्राम पंचायत महुआ गुंदे में बृहस्पतिवार को टीम के साथ घरों में पहुंचकर लोगों को पूजित अक्षत, श्रीराम मंदिर के चित्र बांटे। साथ ही 22 जनवरी को दिये जलाकर दीपावली सा पर्व मनाने की अपील की। हरिओम अवस्थी, अचलेंद्र मिश्रा, चिंटू महाराज, रामानुज पांडेय, संतोष शुक्ला, कमलेश मिश्रा, प्रधान रामपाल कश्यप, अरविंद मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद
माधोटांडा कसबे में निकाली कलश यात्रा । संवाद