पीलीभीत। खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर पर सात फरवरी को होने वाली शिक्षकों की प्रतियोगिता बारिश की भेंट चढ़ गई है। बारिश में मैदान खराब हो जाने के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया। अब यह प्रतियोगिता 13 फरवरी को होगी। इसके लिए बीएसए से सात फरवरी तक प्रतिभागियों से लिस्ट मांगी गई है।
प्रधानमंत्री के खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी इसमें प्रतिभाग करने के डायट प्रचार्य की ओर से बीएसए को निर्देश दिए गए थे। इसमें कहा गया था कि हर ब्लाॅक से शिक्षकों की इसमें सहभागिता कराई जाए। तीन फरवरी से इसका आयोजन होना था और सात फरवरी को जिला स्तरीय प्रतियोगिता प्रस्तावित थी। बारिश के चलते इसे रद्द कर दिया गया।
डायट प्राचार्य की ओर से बीएसए को भेजे गए निर्देश में कहा गया है कि अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता 13 फरवरी को डायट में होगी। बारिश के चलते मैदान खराब होने के कारण इसका आयोजन नहीं हो पा रहा है। प्राचार्य ने प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों की सात फरवरी तक सूची भेजने के बीएसए को निर्देश दिए हैं। शिक्षकों ने प्रतिभाग के लिए तैयारी शुरु कर दी है।