पीलीभीत। उपाधि कॉलेज चौराहा से ओवरब्रिज के नीचे दोनों ओर सर्विस रोड पास हुई थी। पूरी प्रक्रिया होने के बाद निर्माण शुरू करा दिया गया। इस बीच बारिश होने से काम बंद हो गया। ऐसे में खोदी गई सड़क ने तालाब का रूप ले लिया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
उपाधि कॉलेज चौराहे से आगे ओवरब्रिज के नीचे की सर्विस रोड काफी खराब हो गई थी। सड़क में गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही थी। यही नहीं मामूली बारिश में पानी भर जाता था। दो किलोमीटर लंबी इस सड़क को दुरुस्त करने के लिए विभाग की ओर से पिछले वित्तीय वर्ष में दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया।
शासन से इसकी मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया हुई तो करीब चार माह पहले काम शुरू कर दिया जो बाद में बंद हो गया। फिर अंडरपास के पार ठेकेदार की ओर से सड़क को खोद दिया गया। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। अब बारिश का पानी सड़क पर भर गया है। इससे कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
बरेली और अमरिया से आने वाले होते हैं परेशान
नौगवा चौराहे से शहर के अंदर आने-जाने के लिए ओवरब्रिज के नीचे एप्रोच सड़क है। मौजूदा समय में सड़क के दोनों ओर गहरे गड्ढे हो गए हैं। मामूली बारिश में ही जलभराव हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए ब्रिज के नीचे चलना पड़ता है।
बारिश से पहले सड़क को खोदकर डाल दिया गया था। इसमें अब पानी भरने से वाहन को निकालने में परेशानी हो रही है। गंदे पानी की छींटे आने से कपड़े खराब हो रहे हैं।
- तौफीक खां
खोदी गई सड़क पर पानी भरा होने के कारण सवारियों को उतरने और बैठने में परेशानी होती है। कहीं पर भी वाहन रोकने का स्थान नहीं है। ऐसे में सभी को परेशानी होती है।
- जाहिद
ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। सड़क खोदी गई है तो इसको दिखाया जाएगा।
- एसपी गौतम, सहायक अभियंता- लोनिवि
नौंगवा ओवरब्रिज के पास सड़क के गड़डो में भरा पानी।संवाद
नौंगवा ओवरब्रिज के पास सड़क के गड़डो में भरा पानी।संवाद