पीलीभीत। बेसिक शिक्षा विभाग में मनमानी का एक और मामला सामने आया है। यहां बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी के लिए पूरनपुर ब्लॉक के शिक्षकोंं की ड्यूटी मरौरी ब्लॉक में लगा दी गई। सूची सोशल मीडिया पर वायरल होने से अधिकारियों में खलबली मच गई। बीएसए ने पूरे मामले में मरौरी बीईओ से रिपोर्ट मांगी है।
बेसिक शिक्षा विभाग में कब क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही मामला मरौरी ब्लॉक के बीईओ कार्यालय का सामने आया है। यहां पर यूपी बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी के लिए शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही थी। इसमें मिलीभगत से पूरनपुर ब्लॉक में तैनात चार शिक्षकों और तीन अनुदेशकों की भी शहर के कॉलेजों में ड्यूटी लगा दी गई।
इन सभी की तैनाती तो पूरनपुर में है लेकिन आवास शहर में है। ऐसे में भागदौड़ से बचने के लिए मिलीभगत से ऐसा करा लिया गया। सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो अधिकारियों में खलबली मच गई। मामला बीएसए के पास पहुंचा तो उन्होंने खंड शिक्षाधिकारी शिवशंकर मौर्य से जानकारी ली। लगाए गए शिक्षकों के नाम तत्काल काटने के निर्देश दिए।
00
इनकी लगाई गई ड्यूटी
कंपोजिट विद्यालय अभयपुर के महेश वर्मा, कंपोजिट विद्यालय नदा की पूनम वर्मा, प्राथमिक स्कूल फैजुल्लागंज के अखिलेश मिश्रा, शिवनगर प्राथमिक स्कूल के रोहितांश गंगवार, बूंदीभूड जूनियर हाईस्कूल के अनुदेशक हरिशंकर, कपूरपुर की इंदु और कढेरचौरा की प्रीति।
00
खंड शिक्षाधिकारी को निर्देश देकर सभी शिक्षकों की ड्यूटी को कटवा दिया गया है। बीईओ से मामले की रिपोर्ट मांगी गई है साथ ही ऐसा करने वालों के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
- अमित कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी