पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) का पर्यटन सत्र 25 जून का समापन हो जाएगा। शनिवार तक यहां करीब 53 हजार सैलानियों की आमद हो चुकी थी।
पीटीआर का पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू हुआ था। इसके बाद से देश के विभिन्न इलाकों के अलावा विदेशों से भी सैलानियों की आमद शुरू हो गई। इस सत्र में बाघों के अधिक दीदार के चलते सैलानियों के यहां आने के सभी रिकॉर्ड टूट गए। जंगल सफारी के दौरान चूका बीच के दीदार और बाघों के अद्भुत नजारे देखने के लिए सैलानी लगातार पीटीआर आते रहे।
आंकड़ों की बात करें तो पिछले सत्र में जहां 25 हजार सैलानी आए थे, वहीं इस बार यह संख्या 53 हजार के ऊपर पहुंच गई। ऐसे में इस बार पर्यटन सत्र के समापन की तिथि को 15 जून से आगे बढ़कर 25 जून कर दी गई। इसके बाद सैलानी अधिक उत्साहित दिखे। आदेश जारी होने के कुछ समय बाद ही चूका बीच की सभी हटें बुक हो गईं।
इधर एक सप्ताह पूर्व से संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ। रविवार को भी पांच सौ से अधिक सैलानियों की आमद हुई। साथ ही सभी वाहन बुक हुए। 25 जून को इस सत्र का अंतिम दिन है। रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि सैलानियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।