मुस्तफाबाद स्थित पार्किंग स्थल पर लगी सैलानियों की भीड़। संवाद
कलीनगर (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र मंगलवार शाम सात बजे बंद हो जाएगा। इस पर्यटन सत्र में सोमवार तक करीब 54 हजार सैलानियों ने चूका बीच और जंगल की सैर की। पर्यटन बंद होने के चलते अंतिम दिनों में सैलानियों की संख्या बढ़ गई। सोमवार को खराब मौसम होने के बाद भी तीन सौ से अधिक सैलानी चूका बीच और जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंचे।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की महोफ रेंज स्थित प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच के द्वार 15 नवंबर से सैलानियों के लिए खोल दिए जाते हैं। इसके बाद छह माह तक चूका बीच और जंगल का क्षेत्र गुलजार रहता है। इस बार सत्र को 15 के बजाय 25 जून को बंद करने का निर्णय किया गया।
इस दौरान जनपद के अलावा देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी सैलानियों की आमद रही तो चूका बीच से सटे इलाके में स्थित शारदा डैम में हिलौरे लेता पानी और हरियाली के बीच बनी खूबसूरत हटें उनके आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इस दौरान बाघों के अधिक दीदार ने भी पीटीआर को नई पहचान दिलाई।
सैलानियों की आमद से लेकर आय तक के पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए। आंकड़ों की बात करें तो इस बार सोमवार तक करीब 54 हजार सैलानी यहां पहुंचे।
मंगलवार को सत्र का अंतिम दिन है। शाम सात बजे के बाद पर्यटन के द्वार आम सैलानियों के लिए बंद कर दिए जाएंगे। महोफ रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि सत्र के अंतिम दिनों में भी सैलानियों की संख्या बेहतर रही। मंगलवार को अफसरों के निर्देश पर नियमानुसार पर्यटन को बंद कराया जाएगा।
मुस्तफाबाद स्थित पार्किंग स्थल पर लगी सैलानियों की भीड़। संवाद