धरपकड़ के विरोध में मैजिक चालकों में विरोध
माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर चल रही मैजिक व टेंपो की एआरटीओ ने अचानक धरपकड़ शुरू कर दी। इसके विरोध में मैजिक व टेंपो चालक कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में बस संचालकों के इशारे पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है। माधोटांडा मार्ग की यातायात व्यवस्था पिछले कई वर्षों से मैजिकों के हवाले हैं। हालांकि इस मार्ग पर बसों का परमिट है, लेकिन मिलीभगत के चलते बसें बहेड़ी मार्ग पर ही चलती हैं। कभी कभार चलती हैं तो माधोटांडा से पीलीभीत तक सवारी बैठाई जाती हैं। जबकि इनका परमिट माधोटांडा से चलकर बहेड़ी तक का है। करीब एक साल बाद बृहस्पतिवार को सुबह दो बसें माधोटांडा रोड पर गौहनिया चौराहे के निकट पहुंची और सवारियां बैठाने लगी लेकिन यात्रियों ने बस के अपेक्षा मैजिक में जाना उचित समझा जिससे बसें काफी देर तकं खाली खड़ी रही। इसके बाद एआरटीओ के माध्यम से मैजिकों की धरपकड़ शुरू करा दी गई। कुछ ही देर में इस मार्ग पर चल रही आधा मैजिकों को पकड़कर चालान कर दिया गया। इस पर मैजिक संचालकों ने पहले एआरटीओ से वार्ता की लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर मैजिक व टेंपो संचालक कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम के नाम सबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। मैजिक व टेंपो संचालकों का आरोप है कि बस संचालकों के इशारे पर पहले भी उन्हें परेशान किया जाता रहा है। अब पुन: गाड़ियां पकड़ी जा रही हैं। ऐसे में उनके आगे रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में राजकुमार, मुकेश, बाबा, हरप्रसाद, दिनेश कुमार, अजय, विनोद कुमार, लालबहादुर, पाताराम, पप्पू, छत्तरपाल, ताहिर, मोहनलाल, सोमपाल, भगवत, नंद किशोर आदि रहे।