पीलीभीत। सड़क सुरक्षा को लेकर सोमवार को हुई गोष्ठी के बाद जिला प्रशासन ने इस पर क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। 19 ब्लैक स्पाॅट पर काम के लिए एनएच के अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा गया है। प्रस्ताव आने के बाद बजट के लिए इसे शासन को भेजा जाएगा।
सोमवार को शहर के एक निजी स्कूल में कर्मयोग सड़क सुरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल हुए परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर लू ने परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर होने की बात कही थी।
साथ ही कार्यदायी संस्था को भी निर्देश दिए थे। कहा था कि बलैक स्पॉट पर संकेतक लगाए जाएं। परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव की ओर से मिले निर्देशों के बाद डीएम संजय कुमार सिंह ने जिले के चिह्नित सभी 19 ब्लैक स्पॉट पर एनएच को काम करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि वह कार्ययोजना को तैयार करें। जहां पर सड़क नीचे हो वहां बराबर की जाए।
मोड़ पर चौड़ाई कम होने पर उसे बढ़ाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए जल्द प्रस्ताव बनाने के लिए कहा है। ताकि इसे शासन के लिए भेजा जा सके। बजट की मांग की जा सके। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया सभी से प्रस्ताव को मांगा गया है। प्रस्ताव आने पर शासन को भेजा जाएगा।
ये हैं ब्लैक स्पॉट
ललौरीखेड़ा, खमरिया पुल, शाही, अकबरगंज गौटिया, असम चौराहे से देवहा पुल, पूरनपुर गेट चौकी, चीनी मिल तिराहा, माला रोड, बिठौरा कला, छतरी चौराहा से चीनी मिल मार्ग, असम चौराहे से प्रभा पैलेस, जगरौली पुल, जिरौनिया, बजाज चीनी मिल के सामने, पतरासा, जेगीठर, , परसिया, बमरौली तिराहा, कैंचुआ पुल आदि।