बीसलपुर के गांव रसिया खानपुर के एक घर में चोरो ने लगाया नकब । संवाद
बीसलपुर। कोतवाली के गांव रसायाखानपुर में दो घरों में शुक्रवार रात नकब लगाकर चोरों ने लगभग डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने तीसरे घर में नकब लगाया तो आहट होने पर परिजन जाग गए। पुलिस ने तहरीर मिलने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव रसायाखानपुर निवासी अशरफ अली खान ने बताया कि शुक्रवार शाम वह परिवार के साथ मेहमानी में गए थे। घर में ताला लगा था। रात में किसी समय चोरों ने उनके घर में नकब लगाकर 50 हजार की नकदी और बर्तन चोरी कर लिए। चोरों ने गांव के ही हनीफ के घर में भी नकब लगाया और 15 हजार की नकदी व जेवर चोरी कर लिए।
शकील ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग 12 बजे चोरों ने उनके घर की पिछली दीवार में नकब लगाया। खटपट की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। इस पर चोर भाग गए। अशरफ खां शनिवार सुबह मेहमानी से लौटे तो उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी हुई। उन्होंने और हनीफ खां ने कोतवाली में संयुक्त तहरीर दी। पुलिस ने मौका मुआयना भी किया लेकिन रिपोर्ट अब तक दर्ज नहीं की है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।