नवीनीकरण प्रक्रिया से पूर्व साक्षात्कार लेने के विरोध में जिले भर के प्रेरकों ने जुलूस निकालकर टनकपुर हाईवे जाम कर दिया। आक्रोशित प्रेरकों ने हाईवे पर बैठकर धरना दिया। इस दौरान दो प्रेरकों की हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रेरक मांग पूरी न होने तक जाम न खोलने की पर अड़े रहे। प्रेरकों ने सदर विधायक और एडीएम को ज्ञापन सौंपकर साक्षात्कार प्रक्रिया निरस्त कराने की मांग की। एडीएम ने प्रेरकों को साक्षात्कार न लेने का आश्वासन दिया। साक्षर भारत मिशन के तहत लोक शिक्षा केंद्रों पर तैनात प्रेरकों का प्रतिवर्ष नवीनीकरण किया जाता है। इस वर्ष भी नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन डीएम शीतल वर्मा ने नवीनीकरण से पूर्व प्रेरकों के साक्षात्कार लेने का आदेश दिया है। इसका प्रेरक संगठन विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को प्रेरक एकता कल्याण समिति के बैनर तले जिले के कई प्रेरक नेहरू पार्क में एकत्र हुए। यहां से प्रेरकों ने जुलूस निकाला और सदर विधायक संजय गंगवार को ज्ञापन सौंपकर साक्षात्कार आदेश निरस्त कराने की मांग की। टनकपुर हाईवे पर होते हुए प्रेरक नकटादाना चौराहा पहुंचे और हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया। तपती धूप में हाईवे पर बैठकर धरना शुरू कर दिया और डीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इस बीच प्रेरक बनवारीलाल व सावित्री की हालत बिगड़ गई। इससे प्रेरकों में खलबली मच गई। हालांकि कुछ देर बाद दोनों की हालत ठीक हो गई। सूचना पर पहुंचे सीओ निशांक शर्मा ने प्रेरकों से जाम खोलने की बात कही। प्रदर्शनकारी प्रेरक मांग पूरी न होने तक जाम न खोलने पर अड़े रहे। सीओ सिटी ने प्रेरक संगठन के पदाधिकारियों को एडीएम से वार्ता करने को भेजा। वार्ता के दौरान प्रेरकों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपकर साक्षात्कार आदेश निरस्त कराने की मांग की। उन्होंने डीएम से बात करने के बाद ही कोई निर्णय लेने का आश्वासन दिया। एडीएम से वार्ता के बाद लौटे पदाधिकारियों ने जाम खुलवा दिया। इसके बाद प्रेरक पुन: नेहरू पार्क पहुंचे। इसके कुछ देर बाद नेहरू पार्क पहुंचे एडीएम अजयकांत सैनी ने प्रेरकों को साक्षात्कार न लेने का आश्वासन दिया और जल्द ही नवीनीकरण कराने की बात कही। आश्वासन के बाद प्रेरकों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष पिंकी रानी, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष अतीक अहमद, हरिओम, निर्मलादेवी, राकेश कुमार, यादराम, विवेक कुमार, अनिल कुमार, नंदकिशोर, मीनू गंगवार, प्रेमवती, प्रियंका, नीरज गंगवार, चेतना, यशवंती, दयावती, रूबी, पुष्पा, कमलेश, गीतारानी, रचना, ओमप्रकाश, नरेंद्र कुमार, बसंत, विपिन कुमार आदि रहे।