पीलीभीत। प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जिले में मंदिर से लेकर घर, प्रतिष्ठानों, सरकारी कार्यालयों, चौराहों को सजाया गया है। हर ओर भगवा ध्वज और जय श्री राम के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। शाम को पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा। लोगों को सोमवार को अयोध्या मंदिर में प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा का बेसब्री से इंतजार है।
प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बीते कई दिनों से जिले में तैयारी चल रही है। इसको लेकर एक दिन पहले से ही पूरा जिला भगवामय हो गया। चारों ओर घरों से लेकर दुकान और मंदिरों में जय श्री राम की गूंज के साथ भगवा ध्वजों को लगाया गया है। शहर से लेकर गांवों तक हर तरफ सिर्फ श्री राम के भगवा झंडे ही दिख रहे हैं। जगह-जगह गेट बनाए गए हैं। कॉलोनी हो या मोहल्ले, आवासों पर सरकारी कार्यालयों तक पर झालर टांगकर रोशनी की गई है। पूरा शहर रोशनी से सराबोर है। शहर के स्टेडियम रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर को सजाया गया। यहां झालरों के साथ ही हरेक दुकान को सजाया गया है। शहर की प्रमुख जेपी रोड तो पूरी भगवामय हो गई। यहां पर हर एक दुकान पर सिर्फ भगवा ध्वज ही दिखाई दे रहे थे। मंदिरों में रंग बिरंगी लाइटों को लगाकर प्रभु राम के स्वागत की तैयारी की गई है। शासन के आदेश पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों को भी भव्य रूप से सजाया गया है। यहां पर भी आज दीपक जलाए जाएंगे।
शहर में लगाए गए स्वागत गेट
प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर में कई स्थानों पर भव्य स्वागत गेट बनाए गए। यहां पर जय श्री राम के लिखे झंडाें को लगाया गया है। भगवा रंग के गुब्बारों से गेट को सजाया गया। घरों में लोगों ने रंगबिरंगी झालरों को लगाया। सूर्य अस्त होते ही पूरा शहर भगवा मय और रोशनी से जगमग हो उठा। शहर की सजावट को देखकर लग रहा था कि दिवाली भी इसके सामने फीकी पड़ गई हो गई। माना पूस में दिवाली मनाई जाने लगी।
मंदिरों में शुरु हुआ सुंदरकांड और राम चरित मानस का पाठ
प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त सोमवार दोपहर में 12 बजे से है। इसको ध्यान में रखते हुए जिले के मंदिरों में सुंदरकांड और राम चरित मानस पाठ के साथ ही हनुमान चालीसा का आयोजन शुरू कर दिया गया। सोमवार को समापन पर यज्ञ और भंडारे का कई स्थानों पर आयोजन किया जाएगा। इसकी भी तैयारी शुरु कर दी गई है। अशोक कालोनी में सोमवार को 11 बजे से पूजा अर्चना शुरू हो जाएगी। एक बजे आरती होती इसके बाद भंडारा शुरू हो जाएगा। शाम का पांच से छह बजे दीपोत्सव मनाया जाएगा।
शहर में माता यशवंतरी देवी मंदिर, गौरी शंकर मंदिर व ब्रह्मचारी घाट मंदिर, ललौरीखेड़ा के श्रीराम मंदिर (सिद्धबाबा), अमृत सरोवर ग्राम पंचायत अलियापुर, अमरिया के शिव मंदिर, ग्राम पंचायत कल्यानपुर चक्रतीर्थ,बरखेड़ा के रामजानकी मंदिर, बीसल के शिवशक्ति धाम मंदिर, ग्राम पंचायत हाफिजनगर बन्नाही, बाउली मंदिर, ग्राम बिरिया ग्राम पंचायत बैरी बीसलपुर और बाबा गुलेश्वर नाथ शिव मंदिर,बिलसंडा के देवी मंदिर इलाबास देवल, नीलकंठ मंदिर लिलहर व प्रसिद्ध देवी स्थान मोहल्ला देव स्थान, पूरनपुर के मां पवित्र गोमती उद्गम स्थल एवं बाबा दुर्गादास मठ, ग्राम फुलहर तथा बाबा एकोत्तर नाथ मंदिर पर 14 जनवरी से भजन कीर्तनों का दौर चल रहा है।
मंदिरों में शुरू हुआ अखंड पाठ
बीसलपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सिलसिले में नगर के मोहल्ला बख्तावरलाल स्थित लक्षेश्वर शिव मंदिर में रविवार से श्रीरामचरित मानस का दो दिवसीय अखंड पाठ शुरू हो गया। अखंड पाठ दोपहर में शुरू हुआ था। आयोजन समिति के शशि सौरभ सक्सेना ने बताया कि अखंड पाठ का समापन 22 जनवरी को दोपहर में होगा। इस सिलसिले में मंदिर में सजावट, प्रकाश का विशेष बंदोबस्त किया गया है। इस मौके पर दीपा सक्सेना, दिनेश सक्सेना, ब्रजेश सक्सेना, पीयूष सक्सेना, दिलीप गंगवार, शीलू, राजीव सक्सेना, गोपीराम गंगवार, कार्तिकेय, अमन मिश्रा, और लेखा सक्सेना समेत काफी श्रद्धालु मौजूद रहे। इधर, गांव अमरा करोड़ के नत्थूलाल ने बताया कि उनके गांव के शिव मंदिर में भी दो दिवसीय अखंड पाठ रविवार से शुरू हो गया है। संवाद
नगर में जगह-जगह शुरू हुई सजावट
बीसलपुर। 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के सिलसिले में सरकारी कार्यालयों, संस्थाओं, मंदिरों, दुकानों और घरों में रविवार से ही सजावट का काम शुरू हो गया, जो देरशाम तक जारी रहा। कुछ दुकानदारों ने 22 जनवरी के कार्यक्रम से संबंधित सामग्री की बिक्री के लिए अपनी दुकानों को बेहद आकर्षक ढंग से सजा रखा था। लोगों में सजावट करने की होड़ लगी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों मेंं भी सजावट शुरू हो गई है। संवाद
लाइव प्रसारण के लिए मंदिरों में लगाई गई एलईडी
पीलीभीत। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण कराने के लिए गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने शहर में कई स्थानों पर एलईडी की व्यवस्था कराई है। शहर के रेलवे स्टेशन के समीप हनुमान मंदिर, काला मंदिर, रंगीलाल चौराहा, देश नगर मठिया के समीप एक-एक एलइडी लगाने की व्यवस्था की गई है। यहां से लोग रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम लाइव देख सकेंगे। इसके अलावा भी अन्य मंदिरों में एलईडी लगाई गई है। अशोक कालोनी के मंदिर में भी एलईडी लगाई गई है।
बीसलपुर। राष्ट्रीय स्वयं संघ के मीडिया प्रभारी शशि सौरभ सक्सेना ने बताया कि नगर के बड़े देवी मंदिर, बालाजी मंदिर, गोविंद आश्रम, गुलेश्वर नाथ मंदिर, बड़ा स्थल मंदिर, रामजानकी मंदिर, मठिया नाथ मंदिर, बंगाली बाबा मंदिर और लक्षेश्वर शिव मंदिर में अयोध्या के कार्यक्रम का एलईडी पर लाइव प्रसारण होगा। इन मंदिरों में रविवार को ही एलईडी पहुंचा दी गई है। लाइव प्रसारण से संंबंधित सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। संवाद
बीसलपुर के इन मंदिरों में आज होंगे कार्यक्रम
बीसलपुर। बड़ा देवी मंदिर, छोटा देवी मंदिर, लच्छीराम मदिर, मठिया नाथ मंदिर, नगाइच मंदिर, बड़ा स्थल मंदिर, सिंह जी की मढ़ी, चीनी मिल मंदिर, छ़टन्नी देवी मदिर, भूतनाथ मंदिर, बंगाली बाबा मंदिर, गुलेश्वर नाथ मंदिर, रामजानकी मंदिर, बेनीराम मंदिर, जानकी रतन मंदिर, लक्षेश्वर मंदिर, मोहल्ला बख्तावरलाल के शिव मंदिर और मोहल्ला दुर्गाप्रसाद के शिव मंदिर आदि मंदिरों में कार्यक्रम होंगे। मंदिर के पुजारी कार्यक्रम सफल बनाने में जुट गए हैं। संवाद
शहर के अद्धनारीश्वर मंदिर पर की गई सजावट । संवाद
शहर के अद्धनारीश्वर मंदिर पर की गई सजावट । संवाद
शहर के अद्धनारीश्वर मंदिर पर की गई सजावट । संवाद
शहर के अद्धनारीश्वर मंदिर पर की गई सजावट । संवाद
शहर के अद्धनारीश्वर मंदिर पर की गई सजावट । संवाद
शहर के अद्धनारीश्वर मंदिर पर की गई सजावट । संवाद
शहर के अद्धनारीश्वर मंदिर पर की गई सजावट । संवाद