हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास भरे जा रहे गड्डे । संवाद
पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास बारिश में जानलेवा हुए गड्ढों को कार्यदायी संस्था ने मिट्टी डालकर पाट दिया है। इससे वाहन चालकों को फिलहाल कुछ राहत मिल गई है। बता दें कि गड्ढों में बारिश का पानी भरा होने से हो वाहन चालकों को हो रही दिक्कत को लेकर अमर उजाला ने बुधवार के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की।
पीलीभीत-पूरनपुर के बीच हाईवे पर नहर पुल के पास बहुत गहरे गड्ढे हो गए थे। मोड़ के पास गहरे गड्ढे होने के कारण दोनों ओर से आने वाले वाहन चालकों के सामने साइड लेने की समस्या बनी हुई थी। छोटे वाहन चालकों की जान को ज्यादा खतरा बना हुआ था। सड़क के एक ओर मिट्टी पड़ी होने से हालात और ज्यादा खराब थे।
इसे लेकर अमर उजाला ने बुधवार के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था को मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इस पर फौरी तौर पर गड्ढों में भरा पानी निकालने के बाद उन्हें मिट्टी और पत्थर डालकर पाट दिया गया। गड्ढे भर जाने से वाहन चालकों को फिलहाल कुछ राहत मिल गई है। हालांकि अभी नमी होने से मिट्टी धंस रही है।