पीलीभीत। बिजली की दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजार से लालटेन जुलूस निकालकर विरोध प्रर्दशन किया। जिलाध्यक्ष हरप्रीत चब्बा ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली की दरों में डेढ गुना बढ़ोतरी कर आमजन, व्यापारी, किसान और गरीब की कमर तोड़ने का काम किया। जब से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से बिजली, पेट्रोल-डीजल आदि के दाम किसी न किसी बहाने बढ़ाकर जनता से वसूली की जा रही है। सरकार को हर कीमत पर गरीब लोगों के हित को देखते हुए बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेना होगा, नहीं तो कांग्रेस इसका विरोध करती रहेगी। वीरेंद्र रस्तोगी ने कहा कि सरकार गरीबों के हित की बात करती है, लेकिन उनको सरेआम लूटने का काम किया जा रहा है। जिसे कांग्रेस किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। जुलूस में असलम, किरनपाल, नरेंद्र वर्मा, जगमोहन सिंह, गुरमीत सिंह आदि ने भाग लिया।