पीलीभीत। 23 अगस्त से शुरू होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। छह केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 23 से 25 अगस्त एवं 30 और 31 अगस्त को दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। डीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह, एसडीएम अमरिया अजीत प्रताप सिंह, एसडीएम बीसलपुर महिपाल सिंह, एसडीएम पूरनपुर राजेश शुक्ला, एसडीएम कलीनगर आशुतोष गुप्ता, एसडीएम न्यायिक मयंक गोस्वामी को सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया है।
इसी प्रकार उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा, जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव, जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, समाज कल्याण अधिकारी चंद्रमोहन विश्नोई भी स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं तो एसडीएम न्यायिक ऋषिकांत राजवंशी, अधिशासी अभियंता आरईएस राजेश को बतौर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी रेशम विकास अधिकारी दयाशंकर, भूमि संरक्षण अधिकारी को बतौर स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखा गया है।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर गोपनीय सामग्री लाने एवं लेजाने के लिए भी सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा के लिए शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक, एसएन इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज एवं उपाधि महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा के दौरान शुचिता बनाए रखने के लिए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को नामित किया गया है। सभी को शासनादेश का अनुपालन करने के लिए निर्देशित किया गया है।
- संजय कुमार सिंह, डीएम