पीलीभीत। पुलिस की लापरवाही दुष्कर्म पीड़िता पर भारी पड़ सकती थी। घटना के बाद किशोरी की हालत खराब हो गई थी। हालत खराब देख परिजनों ने गांव के ही डॉक्टर से दवा दिलाई, मगर फिर भी पुलिस ने किशोरी की तकलीफ को नहीं समझा। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद तीन दिन बाद बिलसंडा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
बिलसंडा क्षेत्र के गांव में 14 मई को किशोरी के साथ गांव के ही दो युवकों व एक किशोर ने सामूहिक दुष्कर्म कर उसे मरणासन्न हालत में खेत में छोड़ दिया और मौके से भाग गए । घटना की जानकारी लगने के बाद परिजनों ने शिकायत बिलसंडा पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई न कर उन्हें भगा दिया गया।
मामला तीन दिन तक ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। पुलिस की कोशिश रही किसी तरह मामला दब जाए, बाद में अधिकारियों की फटकार के बाद तीसरे दिन रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
-
खुलेआम घूम रहे आरोपी, पीड़िता को मिल रही धमकी
पीड़िता की मां का आरोप है कि तीनों आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। वे लगातार उन्हें धमका भी रहे हैं।