पीलीभीत। थाना जहानाबाद की ललौरीखेड़ा चौकी के निकट हुई लूट की घटना को पुलिस छिपाने की कोशिश करती रही। यही वजह रही कि बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद बेखौफ होकर शहर से निकल गए। अधिकारियों को भी गलत रिपोर्ट देकर गुमराह कर दिया गया। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर तीन बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहानाबाद क्षेत्र में आए दिन घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस गंभीर नहीं है। सावन में खमरिया पुल पर पुलिस की लापरवाही के चलते कांवड़ियों और ताजिएदारों में विवाद भी हो गया। इसके बाद आईजी डाॅ. राकेश सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया था। रविवार को दिनदहाड़े बरेली हाईवे पर चौकी से महज एक किलोमीटर की दूरी पर जनसेवा केंद्र संचालक मोहनस्वरूप की दुकान पर बाइक सवार पांच बदमाशों ने बच्चे को गन प्वांइट पर लेकर दंपती से 27 हजार रुपये लूट लिए थे।
थाना जहानाबाद पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बजाय घटना को छिपाने में जुट गई। अधिकारियों को शाम करीब छह बजे घटना की जानकारी हुई तो गलत रिपोर्ट देकर गुमराह किया गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज सामने आई तो पुलिस ने आनन-फानन तीन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। अब सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
वर्जन:
घटना के खुलासे के लिए जहानाबाद पुलिस के अलावा एसओजी को भी लगाया गया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। - अनिल कुमार यादव, एएसपी