पूरनपुर। बंडा चौराहा पर पुलिस की मौजूदगी में युवक की पिटाई और बचाव करने पहुंचे सिपाहियों से धक्कामुक्की के मामले में पुलिस ने चौथे दिन गंभीर रूप से जख्मी चंगेज खां की मां की ओर से आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। बुधवार शाम उक्त प्रकरण का वीडियो भी वायरल हुआ। जिसमें कुछ लोग चंगेज खां की पिटाई करते दिख रहे हैं।
गांव रामपुर ताल्लुके महाराजपुर निवासी चंगेज खां और भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा में सोमवार शाम को मारपीट हुई थी। केसर जहां ने पुत्र चंगेज खां को जान से मारने की नीयत से कार में डालकर ले जाने, चाकू, तलवारों से वार कर लहूलुहान करने, बाइक जलाने की कोशिश करने, मोबाइल छीनने और आरोपियों पर पुलिस से धक्कामुक्की करने का आरोप लगाया था।
केसर जहां की ओर से रिपोर्ट दर्ज न होने के विरोध में मंगलवार को उलमा ने कोतवाली में पहुंचकर नाराजगी व्यक्त कर आंदोलन की चेतावनी दी थी। बुधवार को उलमा समेत काफी संख्या में लोगों ने सीओ कार्यालय गेट पर धरना देकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान उलमा ने आरोपियों को पुलिस का संरक्षण होने के आरोप लगाया। साथ ही पुलिस को शुक्रवार दोपहर तक का समय देकर रिपोर्ट दर्ज न होने पर शनिवार को धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने केसर जहां की ओर से अनमोल, संजय मिश्रा, राजू राठौर, धीरज, दीपक और 10 अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
चंगेज खां के खिलाफ भी दर्ज की गई रिपोर्ट
पूरनपुर। एक महिला ने चंगेज खां पर आए दिन छेड़खानी करने, एक महीने पहले अकेले होने पर घर में घुसकर छेड़खानी करने, शोर-शराबे पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि घटना एक महीना पुरानी है। पीड़िता की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद