बरखेड़ा के पीएम श्री विद्यालय के कक्ष का लिंटर।संवाद
बरखेड़ा। कस्बे के पीएम श्री विद्यालय की हालत बदहाल है। यहां कक्षाओं के लिंटर लटक गए हैं। छतों पर दरारें आ गई है। बारिश में छतों से पानी टपक रहा है। अव्यवस्थाओं के बीच जान जोखिम में डालकर बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।
कस्बे के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो को इस वर्ष पीएम श्री विद्यालय की श्रेणी में शामिल किया गया था। विद्यालय में सात कमरे हैं। इसमें एक कमरे में कार्यालय और दूसरे कमरे में बच्चों के खेलने सामान रखा है। शेष पांच कमरों में कक्षाएं संचालित होती हैं। विद्यालय में इस समय 183 बच्चे पंजीकृत हैं। मौजूदा समय में विद्यालय के पांचों कमरे जीर्ण-शीर्ण हालत में है। ऐसे में बारिश के समय बच्चों को सबसे अधिक समस्या होती है। कभी उन्हें टपकती छत के नीचे और कभी कार्यालय में बैठाया जाता है।
-
बार-बार पत्राचार, फिर भी ध्यान नहीं दे रहे अधिकारी
प्रधानाध्यापिका गीता देवी ने बताया कि वर्ष 2018 से लगातार प्रत्येक वर्ष उच्चाधिकारियों से स्कूल की जर्जर हालत को ठीक कराने के लिए पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अनहोनी की आशंका जताते हुए अभिभावक भी कई बार विद्यालय की मरम्मत की मांग कर चुके हैं।
वर्जन
इस विद्यालय की ओर से पूर्व में दिया गया पत्र मेरे संज्ञान में नही है। पीएम श्री की सूची में आने पर उसका बजट पास हो गया। शीघ्र ही स्कूल की हालत में सुधार करवाया जाएगा।- अजय कुमार, बीईओ बरखेड़ा