भयमुक्त मतदान के लिए गुंडों पर करें सख्त कार्रवाई
अपराध समीक्षा बैठक में विधानसभा चुनाव का मामला छाया रहा। एसपी सभाराज ने मातहतों को भयमुक्त चुनाव कराने के लिए गुंडों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें एसपी ने थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्र के लंबित अपराध की जानकारी ली। इसके बाद विधानसभा चुनाव 2017 को सकुशल संपन्न कराने के लिए बंदोबश्त सख्त रखने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदान में किसी तरह की दबंगई मतदाताओं पर न की जा सके, इसके लिए गुंडा एवं शरारती तत्वों पर पूरी तरह से कानूनी शिकंजा कसा जाए। चुनाव को निष्पक्ष व भयमुक्त कराएं। आचार संहिता के उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। इसके अलावा मतदान केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। इस मौके पर एएसपी डॉ.रामसुरेश यादव, सीओ सिटी अनुराग दर्शन, सीओ सदर निशांक शर्मा, सीओ पूरनपुर बीपी सिंह, सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया, सीओ अंडर ट्रेनिंग योगेंद्र कृष्ण नारायण, एसएचओ सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह आदि मौजूद रहे।