फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़, बाढ़ में भीगकर खराब हुईं डिग्रियां

विज्ञापन
पीलीभीत के उपा​धि महाविद्यालय के रिकॉर्ड रूम में डिग्रियों को संभालता कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
पीलीभीत। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी खास पहचान रखने वाला उपाधि पीजी कॉलेज विद्यार्थियों के दस्तावेज तक सुरक्षित नहीं रख पा रहा। यहां बने रिकॉर्ड रूम में बाढ़ का पानी भर जाने से दो डिग्रियां पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। अन्य दस्तावेजों में सीलन आने से उनकी स्थिति दयनीय बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों के दस्तावेजों को लेकर कॉलेज की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन

कॉलेज में प्रवेश करते ही क्रीड़ाधिकारी कक्ष बना हुआ है। इसके पास ही बने रिकॉर्ड कक्ष में विद्यार्थियों के कीमती दस्तावेज यानी डिग्री व मार्कशीट रखे जाते हैं। इसके भवन की छत में दरार आ चुकी है। वहीं दीवारों में भी सीलन आ रही है। बरसात के दिनों में इसकी स्थिति और अधिक बदहाल हो जाती है। इस भवन के छज्जे में भी दरारें आ चुकी हैं, जिनसे पानी टपकता रहता है।
जिले में सात जुलाई को आई बाढ़ में रिकॉर्ड कक्ष में करीब दो फुट पानी भर गया था। इससे वहां रखीं डिग्रियों में भी सीलन आ गई। भीगने से दो डिग्री पूरी तरह से खराब हो गईं हैं। कुछ में सीलन आने से फफूंद भी लग चुकी है।
विज्ञापन



धूप में सुखाई जा रहीं हैं डिग्रियां
बरसात के बाद खिली धूप में डिग्रियों को सुखाया जा रहा है। कार्यालय में ही इन्हें नए तरीके से व्यवस्थित करने का काम चल रहा है। धूल-मिट्टी से लिपटे दस्तावेजों को साफ किया जा रहा है। इसी तरह से महाविद्यालय में खानापूर्ति की जा रही है, जबकि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े दस्तावेजों को कॉलेज को सुरक्षित कर सहेजना चाहिए।


खराब डिग्रियां बदलवाने के लिए रुविवि को भेजा पत्र
कॉलेज में बाढ़ के कारण दो डिग्री का प्रिंट खराब हो गया है। इसमें नाम व अन्य डिटेल साफ नहीं दिख रही है। ऐसे में कॉलेज स्तर से तीन सदस्यीय समिति बनाई गई थी, जिसने जांच-पड़ताल के बाद डिग्री खराब होने की पुष्टि की। उसके बाद इससे जुड़ी जानकारी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) को भेजी गई है। विद्यार्थियों को समस्या न हो, इसके लिए वहां से दूसरी डिग्रियां मंगाईं गई हैं। हालांकि संबंधित डिग्री लेने के लिए कोई विद्यार्थी नहीं आया है।


विद्यार्थियों ने जताई नाराजगी
डिग्री भीगने पर विद्यार्थियों ने नाराजगी जताई है। नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि छात्र-छात्राएं इतनी मेहनत से पढ़ाई करते हैं। इसके बाद डिग्री मिलती है। वहीं कॉलेज इस तरह से लापरवाही कर रहा है। यह बहुत खराब स्थिति है।


महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के दस्तावेजों को लेकर लापरवाही दिखाई जा रही है। बरसात के पानी से भीगने से डिग्री खराब होना बेहद निंदनीय है। इससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। संगठन की ओर से छात्रहित में नवीन दस्तावेज बनवाने की मांग की जाएगी। - अभिषेक गंगवार, जिलाध्यक्ष, समाजवादी छात्र सभा


कॉलेज में बाढ़ के कारण दो डिग्री खराब हुईं थीं, जिसके संबंध में रुहेलखंड विश्वविद्यालय को पत्र लिखा है। वहीं रिकॉर्ड रूम निचले हिस्से में होने से दिक्कत हुई थी। इसलिए ऊंचाई पर दस्तावेज रखने के लिए एक नया कक्ष दिया गया है।- प्रो. दुष्यंत कुमार, प्राचार्य, उपाधि पीजी कॉलेज
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें