प्लेटफार्म और फुट ओवरब्रिज का काम तेज
रेल महकमे द्वारा जैसे तैसे टनकपुर रूट पर मझोला तक ब्राडगेज ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया गया, लेकिन इसको लेकर अब रेल अधिकारियों व कर्मचारियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफार्म दो पर अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा करने की कवायद शुरू की गई है। फुट ओवरब्रिज के कार्य में भी तेजी आई है। ब्राडगेज कन्वर्जन के बाद रेलवे जंक्शन से 14 दिसंबर से बरेली रूट पर पांच जोड़ी ट्रेन व एक अप्रैल से मझोला रूट पर तीन जोड़ी ब्राडगेज ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। रेल विभाग के मुताबिक प्लेटफार्म एक से बरेली व प्लेटफार्म दो से टनकपुर के लिए ट्रेनों का संचालन किया जाना था। प्लेटफार्म एक ट्रेन संचालन शुरू होने से पूर्व ही तैयार कर लिया गया था, लेकिन प्लेटफार्म दो के अधूरे कार्य ट्रेन संचालन के दो दिन बीतने के बाद भी पूरे नहीं हो सके। यहां प्लेटफार्म शिफ्टिंग भी काफी धीमी गति से चल रहा था। रेलवे जंक्शन से एक अप्रैल से मझोला रूट पर ब्राडगेज ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया, लेकिन इस रूट की ट्रेनें प्लेटफार्म दो का कार्य पूरा न होने की वजह से प्लेटफार्म एक से ही चलाई जा रही है। ऐसे में दोनों रूटों पर एक ही समय में ट्रेनों की रवानगी को लेकर रेल अधिकारियों व कर्मचारियों के पसीने छूट रहे हैं। एक रेल अधिकारी ने बताया कि अब ट्रेनों का संचालन तो करना ही है, अधूरे पड़े प्लेटफार्म से तो ट्रेनें नहीं चलाई जा सकती है। जब तक प्लेटफार्म दो बनकर तैयार नहीं हो जाता, मझोला के लिए प्लेटफार्म एक से ही ट्रेनों की रवानगी की जाएगी। इधर एक ही प्लेटफार्म पर एक ही समय में ट्रेनों की रवानगी में आ रही परेशिानियों से सबक लेकर अधिकारियों ने ठेकेदारों को प्लेटफार्म दो के अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने को कहा है। रविवार को प्लेटफार्म दो पर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी रहा। मिट्टी पटान के साथ ही फर्श का भी कार्य शुरू कर दिया गया। वहीं धीमी गति से चल रहे निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का कार्य भी तेजी से शुरू कर दिया गया। रेल अफसरों ने बताया कि अधूरे पड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया है। जल्द ही मझोला रूट की ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म दो से किया जाएगा।