पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस द्वारा डीसीएम में पीछे से टक्कर मार देने के कारण डीसीएम के चालक बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के गांव बागवाला निवासी 43 वर्षीय मोहम्मद फारूख पुत्र नजर मोहम्मद की मौत हो गई। वह गाजियाबाद की ट्रांसपोर्ट का लादा माल मुरादाबाद में उतार कर लौट रहे थे। भानपुर ओवरब्रिज से पहले हाईवे किनारे एक स्कूल सामने गाड़ी को खड़ी करके टायर चेक कर रहे थे। हादसे के बाद चालक और परिचालक बस को छोड़ भाग गए।
बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के गांव बागवाला निवासी 43 वर्षीय मोहम्मद फारूख पुत्र नजर मोहम्मद डीसीएम का चालक था। गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर खुर्रम निवासी मोहम्मद अहमद गाड़ी पर कंडक्टर है। शनिवार को गाजियाबाद से ट्रांसपोर्ट का गाड़ी में माल लादा। जिसे मुरादाबाद में उतार कर वापस लौट रहे थे। रात 2.40 पर गाड़ी को भानपुर वाले ओवरब्रिज से पहले एक स्कूल सामने हाईवे किनारे खड़ा कर दिया। कंडक्टर ने बताया कि चालक गाड़ी का टायर चेक कर रहा था। इसी बीच मुरादाबाद की दिशा से आ रही पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए डीसीएम में टक्कर मार दी। जिससे मोहम्मद फारूख कुचल गए। मौके पर उनकी मौत हो गई। मौका पाकर बस को चालक और परिचालक छोड़ कर भाग गए।
हादसे की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। जिंदा होने की उम्मीद में पुलिस डीसीएम के चालक को सीएचसी लेकर पहुंची। जहां पर उनको चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस और डीसीएम को कब्जे में ले लिया और थाने लाया गया। पुलिस ने बताया कि पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस की टक्कर से डीसीएम चालक की मौत का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
दूसरी बस से भेजी गईं सवारियां
हाईवे पर पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस द्वारा टक्कर मार देने के कारण डीसीएम आगे डिवाइडर से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई। बस का अगला हिस्सा भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दूसरी बस को रुकवाया। यात्रियों को उसमें लाद कर गंतव्य को रवाना किया।