जहानाबाद में नगर पंचायत के गेट पर धरने पर बैठे सफाई कर्मी । संवाद
जहानाबाद। वेतन मांगने पर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति द्वारा गालीगलौज करने के विरोध में ठेका सफाई कर्मियों की हड़ताल सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही। कस्बे में सफाई न होने से गंदगी के अंबार लग गए हैं। इधर, सफाईकर्मी अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
नगर पंचायत में तैनात ठेका सफाईकर्मियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के भरण-पोषण की समस्या भी पैदा हो गई है। इसे लेकर शनिवार को सफाईकर्मियों ने चेयरमैन के पति दुर्गाचरन गुप्ता उर्फ अन्ना से वेतन दिलाने की मांग की थी। आरोप है कि वेतन मांगने पर अन्ना ने सफाईकर्मियों से गालीगलौज की और उनके ऊपर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इससे गुस्साए सफाई कर्मियों ने थाने में हंगामा किया था।
सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में धरने के दौरान सफाईकर्मियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में सफाई कर्मियों ने ईओ को ज्ञापन देकर अन्ना के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट समेत गालीगलौज करने और जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराकर उचित कार्रवाई करने, कर्मचारियों का वेतन दिलाने की मांग की।
जहानाबाद में नगर पंचायत के गेट पर धरने पर बैठे सफाई कर्मी । संवाद